गौरीगंज। जिले के छह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पिछले दिनों लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच में मानकविहीन पाए गए हैं।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने बीएसए को पत्र जारी कर मामले की सूचना दी है। इस पर बीएसए ने आपूर्तिकर्ता फर्म को नोटिस जारी कर जवाब देने के साथ ही मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थ आपूर्ति का निर्देश दिया है।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सभी विकासखंडों में एक-एक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का संचालन हो रहा है।
बालिकाओं को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए एफएसडीए के अभिहित अधिकारी ने पिछले दिनों कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय शुकुल बाजार से अरहर की दाल व बेसन, मुसाफिरखाना व संग्रामपुर से बेसन, अमेठी से प्रोटीन मिल्क रस्क, भेटुआ से अरहर दाल व भादर से अचार का नमूना सील कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा था।
प्रयोगशाला की जांच में दूध का नमूना मिथ्याछाप तो शेष अन्य सभी नमूने मानक विहीन मिले। रिपोर्ट मिलने के बाद अभिहित अधिकारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने पूरी रिपोर्ट के साथ बीएसए को अवगत कराते हुए कार्रवाई की संस्तुति की है।
इस पर बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने आपूर्तिकर्ता फर्म को नोटिस जारी कर विद्यालयों में मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थ की आपूर्ति करने के साथ ही स्कूल अधीक्षक को सामग्रियों की जांच कर प्रयोग करने का निर्देश दिया है।
बीएसए ने मानक विहीन खाद्य पदार्थ विद्यालय में मिलने की दशा में आपूर्तिकर्ता फर्म के साथ ही अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।