सुल्तानपुर। पीरो सरैया गांव में शनिवार देर रात एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला की ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के शक में पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
एसडीएम बल्दीराय और सीओ जयसिंहपुर ने घटना स्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने महिला की पिटाई के आरोप में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के पीरो सरैया गांव में शनिवार की देर रात करीब एक से दो बजे मानसिक रूप से विक्षिप्त एक महिला घूमते हुए पहुंची। महिला गांव के ही मोहम्मद कयूम के घर के सामने पहुंची और चद्दर खींचने लगी।
इस दौरान चारपाई पर सो रहे कुछ बच्चे नींद से जग गए और महिला को देखकर रोने लगे। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर कयूम भी जाग गया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए।
कयूम ने ग्रामीणों को कहा कि महिला बच्चा चुराने पहुंची थी। ये सुनते ही गांव के लोग महिला की लात-घूसों से पिटाई शुरू कर दी। महिला जमीन पर बेहोश होकर गिर पड़ी।
किसी ग्रामीणों ने इसकी सूचना यूपी 100 को दी। सूचना के बाद पहुंची यूपी 100 ने महिला को जीप पर लादकर जिला अस्पताल पहुंचाया। यूपी 100 ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को भी दी।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम बल्दीराय प्रिया सिंह, सीओ जयसिंहपुर दलवीर सिंह पीरो सरैया गांव पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों से पूछताछ की। गांव में पूछताछ के बाद दोनों अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और महिला के स्वास्थ्य के बारे में चिकित्सकों से बात की।
चिकित्सकों ने बताया कि महिला की हालत बेहद नाजुक है। ये सुनते ही एसडीएम बल्दीराय ने तत्काल महिला को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करने की बात कही। एसडीएम का आदेश मिलते ही चिकित्सकों ने महिला को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
सीओ जयसिंहपुर दलवीर सिंह ने बताया कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त है। कहां की रहने वाली है इसका पता नहीं है। महिला घूमते हुए गांव पहुंची थी, जहां बच्चा चोरी के शक में लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।
कूरेभार थाने के उपनिरीक्षक विष्णुकांत शुक्ल की तहरीर पर पीरो सरैया गांव के मोहम्मद कयूम, रियाज, करिया, रामकेवल, शत्रुघन, सलमान, कौशल और मोहम्मद जिब्राइल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
एएसपी ग्रामीण शिवराज ने बताया कि जिले की पुलिस पूरी तरह से एक्टिव है। यदि कहीं भी कोई भी बच्चा चोरी की अफवाह फैलाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी ने लोगों से अपील की यदि कोई बच्चा चोरी की अफवाह सोशल मीडिया पर फैलाता है तो तत्काल इसकी सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दें।