सुल्तानपुर। शिवगढ़ के एक गांव निवासी व्यक्ति का आरोप है कि 16 नवंबर को मुंबई से सुल्तानपुर आने वाली लोकमान्य तिलक डाउन सुपर फास्ट एक्सप्रेस से वह परिवार के साथ आ रहे थे। ट्रेन के एस थ्री कोच में सफर कर रहे थे। रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी पुत्री से छेड़खानी की।
छेड़छाड़ का पुत्र ने विरोध किया तो युवकों से उसका विवाद हो गया। पीड़ित ने मामला शांत करवाया। इसके बाद ट्रेन के सुल्तानपुर पहुंचने पर उसी बात से नाराज युवकों ने उनके पुत्र व एक रिश्तेदार पर हमला कर दिया। हमले में उनका पुत्र व एक रिश्तेदार का बेटा घायल हो गया।
पीड़ित के आरोप के मुताबिक उनके पुत्र पर महताब खान, दानिश, असवत निवासीगण देहली मुबारकपुर, धम्मौर ने हमला किया। जीआरपी थानाध्यक्ष भोला शंकर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
इनसेट-
महामना एक्सप्रेस से यात्री का मोबाइल चोरी
सुल्तानपुर। कादीपुर के राईबीगो निवासी सचिन कुमार के मुताबिक वह गत 17 नवंबर को महामना डाउन एक्सप्रेस में एस थ्री कोच से दिल्ली से सुल्तानपुर आ रहे थे। रात्रि करीब 11:38 बजे, जब ट्रेन बरेली स्टेशन पर पहुंची।
तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनके हाथ से मोबाइल छीनकर प्लेटफार्म पर कूदकर भाग गया। उन्होंने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका, लेकिन तब तक चोर भाग चुका था। जीआरपी थानाध्यक्ष भोला शंकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है। (संवाद)