सुल्तानपुर। बारिश और तेज हवा के चलते शुक्रवार को जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। एचटी लाइन में फॉल्ट आने से लोलेपुर, भदैंया और धम्मौर विद्युत उपकेंद्र बंद हो गए। धम्मौर में साढ़े तीन घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो गई, लेकिन लोलेपुर और भदैंया में 12 घंटे बाद भी बिजली नहीं आई। इससे करीब एक लाख आबादी प्रभावित रही। वहीं, ट्रांसपोर्टनगर उपकेंद्र के तीन फीडर भी छह घंटे तक बंद रहे।
शुक्रवार भोर चार बजे तेज हवा और बारिश से भदैंया व लोलेपुर उपकेंद्रों की मुख्य लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। कर्मचारी सुबह से ही फॉल्ट तलाशने में जुटे रहे, लेकिन बारिश और नमी से खराबी का पता लगाने में परेशानी हुई। शाम छह बजे तक लोलेपुर की लाइन दुरुस्त नहीं हो सकी थी। बिजली गुल होने से दोनों उपकेंद्रों से जुड़े करीब 80 गांवों में पानी का संकट खड़ा हो गया। मोबाइल और इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। छात्रों और व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ी।
लोलेपुर के अवर अभियंता अशोक कुमार सिंह और भदैंया के जेई जियालाल ने बताया कि आंधी-बारिश से कई जगह तार उलझ गए हैं। मरम्मत के लिए टीमें लगाई गई हैं। उधर, धम्मौर उपकेंद्र की एचटी लाइन में फॉल्ट आने से सुबह 11:30 बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इससे बनकेपुर, धम्मौर, सरैया, नूरपुर, मामपुर, मनियारपुर, त्रिलोकपुर, हाजीपट्टी, रामापुर, बिकना और पलिया समेत दर्जनों गांव प्रभावित हुए। जेई सचिन यादव ने बताया कि शाम तीन बजे आपूर्ति सामान्य कर दी गई।
इनसेट
शहर में भी बिजली कटौती से पानी का संकट
बारिश और हवा के कारण शहर के विवेकनगर, निरालानगर, करौंदिया और शास्त्रीनगर समेत कई मोहल्लों में सुबह बिजली कटौती हुई। मोटर नहीं चलने से लोगों को हैंडपंप से पानी भरना पड़ा। विवेकनगर के बृजेंद्र ने बताया कि मोटर नहीं चलने से पानी हैंडपंप से भरकर लाना पड़ा।
इनकमिंग लाइन के सीटी में विस्फोट, तीन फीडर ठप
दूबेपुर। ट्रांसपोर्टनगर उपकेंद्र की 33 हजार वोल्ट की इनकमिंग लाइन के करंट ट्रांसफार्मर (सीटी) में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे नमी के कारण विस्फोट हो गया। इससे कांशीराम, नारायनपुर और प्लाई फैक्ट्री फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। शहर के करीब 10 मोहल्लों और दूबेपुर ब्लॉक के 30 गांवों में बिजली गुल रही। पयागीपुर, लक्ष्मणपुर, अमहट, हनुमंतनगर, कांशीराम कॉलोनी, गोराबारिक, रानीगंज, तमेहड़ी, दूबेपुर, दिखौली और छरौली समेत अन्य क्षेत्रों में लोग परेशान रहे। जेई प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि प्रभावित उपकरण की मरम्मत के बाद शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।