सीएचसी मोगितरपुर में गमगीन किसान के परिजन
दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के सुरहुरपर गांव में शनिवार की रात खेत की रखवाली कर रहे एक किसान पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडे से पीटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हत्यारे बाइक से भाग निकले। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। वारदात के बाद पुलिस हत्यारों की खोज में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है।
सुरहुरपुर गांव निवासी राम खिलाड़ी (52) शनिवार रात अपने सब्जी के खेत पर गए थे। खेत की रखवाली करते समय उनके साथ पड़ोसी गांव के मोतीलाल (50) भी मौजूद थे। मोतीलाल के मुताबिक, करीब रात नौ बजे खेत से कुछ दूरी पर एक बाइक आकर रुकी।
बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक आए और राम खिलाड़ी के पास पहुंचे। बदमाशों ने बिना कुछ कहे लाठी से राम खिलाड़ी पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उन्हें बेरहमी से मारा-पीटा। जिससे घायल होकर वह गिर पड़े।
बीच - बचाव में बदमाशों ने मोतीलाल को भी मारपीट कर घायल दिया। इसके बाद बदमाश बाइक से भाग निकले। मोतीलाल के शोर मचाने पर ग्रामीण व राम खिलाड़ी के घर वाले पहुंचे।
ग्रामीणों ने दोस्तपुर पुलिस को वारदात की जानकारी दी। घायल राम खिलाड़ी को सीएचसी दोस्तपुर ले जाया गया। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र मोहन लाल ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद चल रहा है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। पुलिस हमलावरों के बारे में पता लगा रही है।