सुल्तानपुर। बीते आठ अप्रैल को विद्युत उपकेंद्र फरीदीपुर में लगा पांच एमवीए का ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गया था। प्रबंध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लखनऊ रिया केजरीवाल ने मामले की जांच की तो पता लगा कि अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने अपने दायित्वों का निर्वाहन न करके लापरवाही बरती। इस पर बुधवार को उन्हें निलंबित कर दिया गया।
इस दौरान पवन कुमार कार्यालय मुख्य अभियंता (वितरण) बरेली क्षेत्र प्रथम बरेली से संबद्ध रहेंगे। इनकी जगह पर विद्युत वितरण खंड द्वितीय अरुण कुमार को अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड अवधेश कुमार को भी निलंबित कर दिया गया।
विद्युत परीक्षण खंड के सहायक अभियंता (मीटर) अंजनी नंदन शरण को अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड सुल्तानपुर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मुख्य अभियंता (वितरण) अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि दोनों अधिकारियों पर कार्रवाई मुख्यालय लखनऊ से की गई है।