सुल्तानपुर। अवध विश्वविद्यालय से संबद्घ महाविद्यालयों में 20 जनवरी से प्रस्तावित सेेमेस्टर परीक्षाएं कोरोना संक्रमण की वजह से स्थगित हो गई हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि स्थितियां अनुकूल होने पर परीक्षाओं की नवीन तिथियां घोषित की जाएंगी।
डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्घ महाविद्यालयों में अध्ययनरत स्नातक प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 20 जनवरी से नियत की गई थीं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत पहली बार स्नातक स्तर पर सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन किया जाना था। इसके लिए सुल्तानपुर व अमेठी जनपद में 116 केंद्र निर्धारित किए गए थे। इसके साथ ही छह नोडल सेंटर भी निर्धारित किए गए थे। परीक्षा की तैयारी महाविद्यालयों में चल रही थी। कोविड-19 महामारी के व्यापक फैलाव को देखते हुए विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति ने परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक उमानाथ सिंह ने बताया कि स्थितियां अनुकूल होने पर परीक्षाओं की नवीन तिथियां घोषित की जाएंगी। परीक्षाएं स्थगित होने से स्नातक प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को निराशा हुई है।