सुल्तानपुर। अंक सुधार परीक्षा के लिए आवेदन करते समय जिन विद्यार्थियों ने प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होने का विकल्प लिया था, उनकी प्रयोगात्मक परीक्षा सात व आठ अक्तूबर को राजकीय इंटर कॉलेज में संपन्न होगी।
यूपी बोर्ड की वर्ष 2021 की परीक्षा में इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा से वंचित ऐसे छात्र-छात्राएं जिन्होंने अंक सुधार के आवेदन पत्र में प्रयोगात्मक परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए विकल्प चुना है, वही इसमें शामिल हो सकेंगे। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए शासन की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी। प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल हो रहे सभी छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क स्थापित कर प्रयोगात्मक परीक्षा में निर्धारित अवधि में शामिल हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए अंतिम अवसर दिया जा रहा है। इस संबंध में सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी निर्देश जारी किया गया है कि सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों के प्रपत्र परीक्षा केंद्र जीआईसी भेजें।