सुल्तानपुर। जिले की पांच विधानसभा सीटों में सुल्तानपुर और इसौली सीट का मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। दोनों सीटों पर भाजपा और सपा में शुरू से लेकर आखिर तक इतना करीबी मुकाबला हुआ कि प्रत्याशियों से लेकर समर्थकों तक की सांसें थमी रहीं। कांटे के संघर्ष में जिला प्रशासन भी रात तक हलकान रहा।
मतगणना के साथ ही सुल्तानपुर और इसौली सीट पर शुरू हुआ शह-मात का सिलसिला मतगणना समाप्त होने तक जारी रहा। कभी कोई हजार-पांच सौ की लीड हासिल करता तो कभी कोई दूसरा। कांटे के मुकाबले में अंतत: भाजपा प्रत्याशी विनोद सिंह को जीत हासिल हुई। भाजपा प्रत्याशी विनोद सिंह को 92,245 मत मिले जबकि सपा प्रत्याशी अनूप संडा को 90,857 मत हासिल हुआ। कमोबेश यही हाल इसौली विधानसभा सीट का रहा। भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी और सपा प्रत्याशी मो. ताहिर खां के बीच कांटे का संघर्ष हुआ। तमाम शिकायतों और आपत्तियों के बाद मो. ताहिर खां जीतने में कामयाब रहे। मो. ताहिर खां को 69,629 और भाजपा के ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी को 69,360 मत मिले।