सुल्तानपुर। पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक ले जाते समय शनिवार को दोपहर बाद एक बस खराब हो गई। बस खराब होने के बाद कई मतदान केंद्रों की पोलिंग पार्टियां काफी देर तक रास्ते में फंसी रहीं। बाद में उन्हें दूसरी बस से निर्धारित स्थलों पर भिजवाया गया।
शनिवार को अमहट स्थित केंद्रीय विद्यालय से दोपहर को एक स्कूली बस पोलिंग पार्टियों को लेकर कादीपुर विधानसभा क्षेत्र के अखंडनगर विकास खंड के बूथों के लिए रवाना हुई। कादीपुर से अखंडनगर रोड पर पहुंचते ही बस खराब हो गई। चालक के काफी प्रयास के बाद भी बस ठीक नहीं होने पर पोलिंग पार्टियों ने इसकी सूचना सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत अन्य को दी। सूचना के बाद भी समय से बस नहीं पहुंच सकी। इसकी वजह से कई बूथों की पोलिंग पार्टियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। दूसरी बस पहुंचने पर पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना हुईं।