सुल्तानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत के उपचुनाव में एक ग्राम प्रधान व 39 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 12 दिसंबर को नामांकन पत्र भरे जाएंगे। चुनाव को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने ब्लॉकवार आरओ व एआरओ की नियुक्ति कर दी है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता ने पंचायत उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। उसके मुुताबिक बल्दीराय के हैंहनाकलां के ग्राम प्रधान व 39 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 12 दिसंबर को नाम निर्देशन पत्र भरे जाएंगे। 13 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच, 14 दिसंबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसी दिन प्रतीक का आवंटन होगा। जरूरत पड़ने पर 20 दिसंबर को चुनाव व 21 को संबंधित विकास खंडों पर मतगणना कराई जाएगी। उपचुनाव को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने ब्लॉकवार निर्वाचन अधिकारी व सहायक निर्वाचन अधिकारियों को नियुक्त कर दिया है।
डीएम ने आरओ को अपने क्षेत्रों में आठ दिसंबर से नामांकन पत्रों की बिक्री का निर्देश दिया है। साथ ही निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव का निर्देश दिया है। निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक अखंडनगर, बल्दीराय, धनपतगंज, दोस्तपुर, दूबेपुर, जयसिंहपुर, कुड़वार, कूरेभार, लंभुआ, पीपीकमैचा, मोतिगरपुर व करौंदीकलां में ग्राम पंचायत सदस्य के उपचुनाव कराए जाएंगे।