सुल्तानपुर। जयसिंहपुर क्षेत्र के महमूदपुर सलाहपुर गांव निवासी हीरा सिंह के छोटे पुत्र सौरभ उर्फ छोटू का रविवार को तिलक है। सौरभ की बरात 16 फरवरी को जानी है। घर में खुशी का माहौल चल रहा था। शनिवार को अचानक हीरा सिंह की पत्नी शारदा सिंह को चक्कर आ गया और वे गिर पड़ीं।
परिवारीजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां दवा देने के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हो गया। परिवारीजन उन्हें लेकर घर चले आए। शनिवार की सुबह शारदा सिंह तिलक की तैयारियों में लगी थी कि अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। जब तक परिवारीजन उन्हें अस्पताल ले जाते उनकी मौत हो गई। शारदा का बड़ा बेटा पिंटू सेना में है। वह छोटे भाई के तिलकोत्सव में शामिल होने के लिए शनिवार सुबह जब घर पहुंचा तो मां का पार्थिव शरीर सामने पड़ा था। मां की मौत से दोनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।