हलियापुर में एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। अस्पताल से मरीज को लेकर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर जा रही एंबुलेंस को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एंबुलेंस हाईवे पर पलट गई और उस पर सवार महिला मरीज की मौत हो गई। इसके साथ एंबुलेंस और कार पर सवार आठ लोग घायल हो गए। घायलों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया है। सूचना के बाद पहुंचे सीओ बल्दीराय ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया।
अंबेडकरनगर के अकबरपुर क्षेत्र के शेखपुर गांव निवासी वीरेंद्र तिवारी की पत्नी विभा तिवारी (45) की तबीयत खराब थी। परिवारीजनों ने विभा को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया था। शनिवार को चिकित्सकों ने विभा को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया था। परिवारीजन विभा को एंबुलेंस से लेकर लखनऊ जा रहे थे। एंबुलेंस जिले के बल्दीराय क्षेत्र के महुली गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से होकर गुजर रही थी। तभी तेज रफ्तार एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस हाईवे पर ही पलट गई। दुर्घटना में विभा तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति वीरेंद्र, राकेश तिवारी, किरन तिवारी और चालक वीरेंद्र घायल हो गए।
उधर, टक्कर के बाद कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार श्रीनाथ वर्मा, पुत्र आलोक, पत्नी विद्यावती और खुशबू पुत्री आलोक निवासी 9/253 इंदिरानगर, लखनऊ घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सीओ बल्दीराय राजाराम चौधरी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों ने एंबुलेंस से घायलों को अयोध्या के कुमारगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का उपचार चल रहा है। सीओ ने बताया कि दुर्घटना में विभा तिवारी की मौत हुई है। हादसे में घायल लोगों का उपचार चल रहा है।