सुल्तानपुर। कलान चौराहे पर बृहस्पतिवार की देर रात बाइक सवार तीन युवक एसयूवी से टकरा गए। दुर्घटना में घायल तीनों युवकों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित करते हुए दो युवकों को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल दोनों युवकों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां थोड़ी देर बाद ही उनकी भी मौत हो गई।
अखंडनगर क्षेत्र के कलान चौराहे पर पिछले बृहस्पतिवार की देर रात बाइक सवार तीन युवक एसयूवी ने टकरा गए। दुर्घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रोहित यादव (18) निवासी अमरमऊ, शाहगढ़ जिला सागर, मध्य प्रदेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अतुल राजभर (19) और असलान (20) निवासी शाहगंज कोतवाली जिला जौनपुर की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल अंबेडकरनगर पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान अतुल और असलान की भी मौत हो गई। एसओ कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि एसयूवी और बाइक को कब्जे में लिया गया है।