गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में बुधवार की देरशाम विपक्षियों ने चीनी मिल के संविदा कर्मी पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में संविदा कर्मी को मेडिकल कॉलेेज में भर्ती कराया गया। मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
महमूदपुर गांव निवासी शिवराम गौड़ और संतोेष सिंह के परिवार के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। शिवराम का पुत्र मनोज गौड़ साधन सहकारी चीनी मिल में संविदा पर काम करता है। जबकि, शिवराम चीनी मिल में नियमित कर्मचारी हैं। आरोप है उनका पुुत्र मनोज बुधवार शाम 7:30 बजे घर जा रहा था।
घर से 50 मीटर पहले पुलिया के पास स्थित संतोष सिंह के अहाते में विजय कुमार सिंह, चंदन सिंह, दीपक सिंह, छोटू, अनुभव, कमल सिंह, अमन, चमन, विक्की सिंह, शनी सिंह निवासीगण महमूदपुर थाना गोसाईगंज व आशीष सिंह, उज्जवल सिंह निवासीगण प्रतापपुर थाना कूरेभार घात लगाकर बैठे थे।
मनोज के वहां पहुंचते आरोपियों ने घेरकर हमला कर दिया। आरोपियों ने मनोज की जेब में रखा मोबाइल फोन व नकदी छीन लिया। इसके बाद मनोज को मृत समझकर हमलावरों ने उसे घर के पास फेंक दिया। शिवराम ने संतोष सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ बृहस्पतिवार को थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।