सुल्तानपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को स्वेटर वितरित करने की समय सीमा शनिवार को समाप्त हो गई, लेकिन अब तक लक्ष्य के सापेक्ष मात्र 38.59 प्रतिशत बच्चों को ही स्वेटर मिल सका। आपूर्तिकर्ता फर्म ने भी लगभग आधे स्वेटर ही अब तक भेजे हैं।
जिले के 1731 परिषदीय प्राथमिक विद्यालय व 612 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 2,32,720 बच्चे अध्ययनरत हैं। पिछले साल की भांति इस साल भी बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए निशुल्क स्वेटर वितरित किया जाना है।
सरकार की लाख कोशिशों के बाद भी जिले के मात्र 38.59 फीसदी बच्चों को ही अब तक स्वेटर मिल सका है। 2,32,720 के सापेक्ष अभी तक मात्र 1,19,132 स्वेटर की ही आपूर्ति हुई है, जो 51.19 फीसदी ही है। आपूर्ति हुए स्वेटरों में से 89,821 स्वेटर स्कूलों में वितरित हुए हैं, जो आपूर्ति के सापेक्ष तो 75.39 फीसदी हैं, लेकिन कुल वितरण लक्ष्य के मुकाबले 38.59 फीसदी ही हैं।
शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में स्वेटर वितरण की धीमी प्रगति को लेकर सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने फटकार लगाई थी। बीएसए संतोष सक्सेना ने राज्य परियोजना निदेशक को बताया कि आपूर्तिकर्ता फर्म का रनिंग पेमेंट नहीं हुआ है। इस वजह से आपूर्ति की गति धीमी है। इस पर वित्त एवं लेखाधिकारी मिथिलेश सिंह को परियोजना निदेशक ने फटकार लगाई।
बीएसए संतोष कुुमार सक्सेना ने बताया कि समयसीमा के भीतर स्वेटर आपूर्ति न करने पर आपूर्तिकर्ता फर्म यूपिका हैंडलूम को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही फर्म को पांच दिसंबर तक स्वेटर आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया है। हर हाल में तय तिथि तक आपूर्ति सुनिश्चित होगी।