सुल्तानपुर। कादीपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मृतका के पिता ने बेटी के पति और ससुर पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
कटसारी गांव निवासी बनारसी के बेटे टिंकू की शादी लंभुआ के मुरलीधरपुर निवासी बद्री प्रसाद की पुत्री अंशू के साथ 12 जून 2021 को हुई थी। बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में अंशू का शव घर में फंदे से लटका मिला। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही कटसारी गांव पहुंचे पिता बद्री प्रसाद ने बेटी के पति और ससुर पर बेटी को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मार डालने का आरोप लगाया। सूचना पर सीओ राधेश्याम शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाल उमेश्वर प्रताप यादव ने बताया कि पिता की तहरीर पर मृतका के पति टिंकू और ससुर बनारसी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।