सेमरी बाजार। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर जयसिंहपुर क्षेत्र के मौकेडीह गांव के पास सोमवार रात तेज रफ्तार डीसीएम बस में पीछे से घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि डीसीएम के परखचे उड़ गए और उसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बाराबंकी जिले के थाना जैतपुर क्षेत्र के दरोगा की छोरी निवासी इम्तियाज अहमद (35) डीसीएम में पीली सरसों लादकर पटना जा रहे थे। साथ में खलासी मुदस्सिर (17), मोहम्मद इसराइल (25) निवासी बुद्धगंज थाना जैतपुरा और मोहम्मद अनीस (30) निवासी बादली थाना हैदरगढ़ सवार थे। मौकेडीह के पास सवारी बैठाने के दौरान आगे चल रही बस ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे डीसीएम पीछे से जा टकराई। हादसे में मोहम्मद अनीस की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में इम्तियाज अहमद, मुदस्सिर, मोहम्मद इसराइल के अलावा बस सवार शिवांगी मौर्य (23) निवासी फूलपुर, रशीदा निवासी कुशवाहा, साजिदा (42) व लुकमान (18) निवासी निजामपुर, आजमगढ़ शामिल हैं। सभी को सीएचसी दोस्तपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद बस चालक व खलासी वाहन छोड़कर भाग निकले। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकीनाथ पांडेय ने बताया कि जयसिंहपुर पुलिस ने बस व डीसीएम को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अन्य यात्री दूसरी बसों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।