ककवा-अमेठी मार्ग पर स्थित मंगलपुर गांव के पास शनिवार सुबह बाइक सवार युवकों को कार ने रौंद दिया। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की हालत नाजुक है।
हादसे के शिकार युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। रायबरेली के चौधराना मोहल्ला सलोन कस्बा निवासी मोहम्मद शमीम (47) साथी मोहल्ला निवासी सलाउद्दीन ऊर्फ पप्पू (55) के साथ शनिवार सुबह बाइक से किसी कार्य से अमेठी जा रहे थे।
रास्ते में कोतवाली क्षेत्र के ककवा-अमेठी मार्ग पर स्थित मंगलपुर गांव के पास सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर सड़क किनारे खड्ड में चली गई।
दुर्घटना में बाइक सवार मोहम्मद शमीम, सलाउद्दीन उर्फ पप्पू व कार सवार अरुण कुमार सिंह निवासी पलिया थाना धम्मौर, अनिल सिंह निवासी राकी थाना उदयपुर जिला प्रतापगढ़ व अनमोल सिंह पुत्र अजय सिंह निवासी फैजाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल मोहम्मद शमीम को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य चार लोगों को जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सलाउद्दीन को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी कोतवाल विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।