झारखंड मंदिर से दर्शन कर पैदल घर लौट रहे दोस्तों को एक टैंकर ने रौंद दिया। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।
अमेठी जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के लंगड़ी गांव निवासी सूरज सिंह (21) पुत्र जितेंद्र सिंह शुक्रवार को मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के टिकरिया गांव निवासी दोस्त संदीप कुमार शर्मा (22) पुत्र शिव कुमार शर्मा के साथ कुड़वार थाना क्षेत्र के रवनिया गांव के पास झारखंड मंदिर दर्शन करने गया था। दोनों दोस्त सुबह करीब सात बजे दर्शन करने के बाद पैदल ही घर लौट रहे थे।
रास्ते में धम्मौर थाना क्षेत्र के हकुआ गांव के पास तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने सूरज सिंह और संदीप शर्मा को रौंद दिया। दुर्घटना में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल संदीप को ग्रामीणों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद टैंकर का चालक फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।