लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर स्थित मोतिगरपुर बाजार में सोमवार की रात एक ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे सो रहे लोगों पर पलट गया। चीख-पुकार के बाद पहुंचे बाजार वासियों ने बचाव कार्य शुरू किया और नीचे दबे सात लोगों को बाहर निकाला।
गंभीर हालत में घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बालिका समेत तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद बाजार के लोगों ने ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर राजमार्ग जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिकारियों ने तीन दिन के भीतर ब्रेकर का निर्माण कराए जाने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के मोतिगरपुर बाजार के मोड़ पर सोमवार की देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सो रहे लोगों पर पलट गया। चीख-पुकार के बाद पहुंचे बाजार वासियों ने बचाव कार्य शुरू किया।
करीब 20 मिनट बाद लोगों ने ट्रक के नीचे दबी गीता (48) पत्नी बच्चूलाल, नीलम (20), पूनम (22), जूही (12), नंदिनी (7), शुभम (16) व सिंटू (16) को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गीता, जूही और सिंटू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद मोतिगरपुर बाजार वासियों ने मोड़ पर ब्रेकर बनवाए जाने की मांग को लेकर रात में ही सड़क जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
राजमार्ग जाम होने की सूचना पाते ही एसपी विनय कुमार, सीओ जयसिंहपुर धर्मेंद्र सचान, एसडीएम जयसिंहपुर रमेश शुक्ला तीन थानों की पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए।