स्थानीय कोतवाली के सरैया गांव में शुक्रवार रात मकान की दीवार में सेंध लगाकर चोर बंदूक और दो लाख रुपये कीमत के जेवरात व नकदी से भरे आठ बक्से उठा ले गए। शनिवार सुबह टूटे हुए बक्से और बंदूक ग्रामीणों को खेत में मिली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सरैया गांव निवासी राम भवन तिवारी शुक्रवार रात सपरिवार घर में सो रहे थे। देर रात चोर मकान की दीवार में सेंध लगाकर घुस गए। चोर घर में रखे आठ बक्से और लाइसेंसी बंदूक उठा ले गए। शनिवार सुबह चोरी की जानकारी पर पीड़ित ने पुलिस को सूचित किया। इस दौरान खेत गए ग्रामीणों को बंदूक और पांच बक्सा टूटा हुआ मिला।
पीड़ित की मानें तो बक्से में करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवरात व नकदी थी। चोर कीमती कपड़े भी उठा ले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश में जुटी है।