पूरे मुराइन गांव में निर्माणाधीन हनुमान मंदिर के प्रबंधक व पुजारी की ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई। डबल मर्डर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गुस्साए ग्रामीणों ने जायस-जगदीशपुर मार्ग जामकर दो घंटे तक प्रदर्शन किया। हत्या की सूचना पाते ही डीआईजी फैजाबाद ने एसपी अमेठी के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक प्रबंधक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जामों थाना क्षेत्र के गौतमपुर गांव निवासी चंद्रमणि मिश्रा (75) जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पूरे मुराइन मजरे बाबूपुर सरैया में स्थित घासी वीर बाबा कुटिया पर रहते थे। कुटिया के पास ही चंद्रमणि हनुमान मंदिर का निर्माण करा रहे थे। इस निर्माणाधीन मंदिर पर करीब आठ वर्ष से छोटो आदिलपुर थाना जगदीशपुर निवासी सीताराम (60)पुजारी थे। सोमवार की रात निर्माणाधीन मंदिर के प्रबंधक चंद्रमणि मिश्र और पुजारी सीताराम रैदास मंदिर पर ही सोए थे।
देर रात दोनों की ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई। मंदिर का दान पत्र तोड़कर उसमें रखा हजारों रुपये भी लूट लिया गया। मंगलवार की सुबह होने पर गांव के लोग जब निर्माणाधीन मंदिर के पास रखी हनुमान जी की प्रतिमा की पूजा करने पहुंचे तो चंद्रमणि और सीताराम का शव देखकर दंग रह गए। देखते ही देखते मंदिर पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने करीब आठ बजे जायस-जगदीशपुर मार्ग जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। डबल मर्डर की सूचना पाते ही डीआईजी फैजाबाद राकेश चंद्र साहू, एसपी अमेठी हीरालाल, एडीएम सूर्यनाथ यादव डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए।
अधिकारियों ने बारीकी से स्पॉट का निरीक्षण किया। ग्रामीणों का आरोप था कि आए दिन कुटिया के पास लोग नशा करते है लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। पूर्व में भी मंदिर के पास लगे सोलर लाइट की बैट्री और मंदिर का घंटा चोरी हो चुका है। एसपी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। एसपी ने बताया कि मृत प्रबंधक चंद्रमणि मिश्र के पुत्र दिनेश चंद्र मिश्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि मंदिर में लूटपाट नहीं हुई है।