अखंडनगर के दादूपुर गांव में स्थित एक प्राइवेट स्कूल का लोहे का गेट छात्र पर गिर पड़ा। गेट के नीचे दबकर छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
अंबेडकर नगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर निवासी सत्यनारायण का बेटा शिव कुमार (8) अखंडनगर थाना क्षेत्र के दादूपुर में स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। शुक्रवार को शिव कुमार स्कूल में पढ़ने आया था। दोपहर बाद तीन बजे छुट्टी होने के बाद स्कूल के बच्चे मुख्य गेट से निकल रहे थे। अचानक मुख्य गेट का लोहे का दरवाजा टूटकर शिव कुमार पर गिर पड़ा।
गेट के नीचे दबने से मौके पर ही शिव कुमार की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। उधर, छात्र के परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस के मुताबिक उन्हें अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।