तीन दिन पूर्व मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट ने रविवार को तूल पकड़ लिया। एक पक्ष के साथ पहुंचे पुलिस कर्मियों ने युवक की रायफल की बट से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में उसे सीएचसी पर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के महारानी पश्चिम घोसियन टोला निवासी आरिफ और इबरार में पिछले आठ सितंबर को मामूली विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था। रविवार की दोपहर बाद चार बजे स्थानीय कोतवाली के चार सिपाही जिसमें इस्लामुद्दीन अंसारी, अजय कुमार, रूपराम, संजय कुमार घोसियन टोला पहुंचे और इबरार को बुलाया। चारों ने मिलकर रायफल की बट से इबरार की पिटाई कर दी। इबरार की चीख-पुकार पर पहुंची महिलाएं चिल्लाने लगी, लेकिन किसी की भी हिम्मत पुलिस कर्मिंयों से इबरार को बचाने की नहीं हुई।
पुलिस कर्मियों के जाने के बाद ग्रामीणों ने इबरार को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी कोतवाल नरेंद्र वर्मा ने बताया की घटना संज्ञान में है, सिपाही वांछित को पकड़ने गए थे। पिटाई का आरोप गलत है।