जयसिंहपुर/ दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहे एक संविदा कर्मी लाइन मैन की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने संविदा कर्मी के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि विद्युत उपकेंद्र विरसिंहपुर पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही से संविदा कर्मी की मौत हुई है। प्रदर्शन की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोसैसिंहपुर गांव निवासी शिवलाल (35) पुत्र रग्घू जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के विरसिंहपुर विद्युत उपकेंद्र पर संविदा पर लाइन मैन के पद पर तैनात था। सोमवार को गोसैसिंहपुर में लगे ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने से लाइन नहीं आ रही थी। विरसिंहपुर उपकेंद्र से संविदा कर्मी शिवलाल को सोमवार की देर शाम करीब छह बजे गोसैसिंहपुर ट्रांसफार्मर का फॉल्ट ठीक करने के लिए भेजा गया था।
शिवलाल शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर पर फॉल्ट ठीक करने के लिए चढ़ा था। इस दौरान विरसिंहपुर उपकेंद्र से बिजली की सप्लाई शुरू कर दी गई जिससे ट्रांसफार्मर पर चढ़े शिवलाल को करंट लग गया और वह तार से चिपक गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उग्र प्रदर्शन की सूचना के बाद दोस्तपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी है।