प्राथमिक विद्यालय भैरवपुर दूबे के हेडमास्टर से प्रधान पति ने न सिर्फ बदसुलूकी की बल्कि उन्हें धक्का देकर कुर्सी से नीचे गिरा दिया। विरोध पर आरोपी ने हेडमास्टर को जान से मार डालने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी प्रधानपति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
अखंडनगर के पारा बासूपुर गांव निवासी राकेश कुमार पुत्र इंद्रापति क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भैरवपुर दूबे में हेडमास्टर हैं। बीते छह अक्तूबर को राकेश कुमार विद्यालय गए थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव की प्रधान रेखा देवी के पति देवी प्रसाद उर्फ मटरू वहां पहुंचे और हेडमास्टर को गाली देने लगे।
हेडमास्टर ने उन्हें गाली देने से मना किया तो धक्का देकर हेडमास्टर को कुर्सी से नीचे गिरा दिए। विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने बीच-बचाव कर राकेश कुमार को बचाया। पीड़ित ने घटना की शिकायत उच्चाधिकारियों से करते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने हेडमास्टर की तहरीर पर प्रधान के पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
भैरवपुर दूबे गांव की प्रधान के पति देवी प्रसाद ने कहा कि हेडमास्टर के साथ बदसुलूकी का आरोप बेबुनियाद है। वह छह अक्तूबर को विद्यालय गए ही नहीं थे।