सड़क किनारे सवारी का इंतजार कर रही केएनआईपीएसएस की तीन छात्राओं पर बल्ली-पटरा लदी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबी तीनों छात्राओं को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक एक छात्रा की मौत हो चुकी थी। गंभीर हालत में दो अन्य छात्राओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक छात्रा को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर का चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के महिलो आसापुर गांव निवासी राम तीरथ की पुत्री मीनाक्षी (21) बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। इसी थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी मोहम्मद रईस की पुत्री जुबैरा (20) व नफीस की बेटी शहनूर (19) भी केएनआईपीएसएस में बीए द्वितीय वर्ष की छात्राएं हैं। तीनों छात्राएं रविवार को कॉलेज परीक्षा देने पहुंची थी लेकिन परीक्षा स्थगित हो जाने के कारण दोपहर बाद करीब दो बजे तीनों छात्राएं घर जाने के लिए कॉलेज के बाहर सड़क किनारे खड़ी थीं। तभी सुल्तानपुर से टेढुई की तरफ जा रही बल्ली-पटरा से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर तीनों छात्राओं पर पलट गई।
सड़क से गुजर रहे राहगीर और कॉलेज के कुछ छात्र दौड़कर वहां पहुंचे और ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबी तीनों छात्राओं को बाहर निकाला लेकिन तब तक मीनाक्षी की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल जुबैरा और शहनूर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जुबैरा को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना पाते ही एसआई एसपी सिंह, कॉलेज के रीडर राधेश्याम सिंह, अनिल सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल छात्राओं को देखा। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर का चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।