पुलिस अधीक्षक अमेठी के आवास पर बतौर अनुचर काम करने वाले एक कर्मचारी के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 28 हजार रुपये निकाल लिए। अनुचर ने गौरीगंज थाने में साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
मो. सादिक अमेठी पुलिस अधीक्षक के आवास पर बतौर अनुचर कार्यरत हैं। शुक्रवार दोपहर बाद करीब तीन बजे उन्हें मोबाइल पर कॉल आई। फोन रिसीव करते ही दूसरी ओर लाइन पर व्यक्ति ने मो. सादिक को उनका एटीएम ब्लॉक होने की बात कहकर उनके एसबीआई बैंक के खाते से जुड़ी तमाम जानकारियां मांगी।
अंत में उसने मो. सादिक से उनके एटीएम का पासवर्ड भी जान लिया। पासवर्ड बताने के कुछ ही देर बाद जब मो. सादिक के मोबाइल पर 28 हजार रुपये निकाले जाने का एसएमएस आया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
आनन-फानन में मो. सादिक गौरीगंज थाने पहुंचे और साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी कर बैंक अकाउंट से रुपये निकालने का केस दर्ज कराया। एसओ अरविंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।