अमेठी। थाना क्षेत्र के गौरीगंज-अमेठी मार्ग पर स्थित मुराई का पुरवा के पास मंगलवार रात निमंत्रण से वापस घर जा रहे बाइक सवार कांग्रेस नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम अधार पासी को सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल कांग्रेस नेता को आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। घर वाले उन्हें लखनऊ ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई।
कांग्रेस नेता की मौत की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह से ही उनके घर कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों का तांता लगा रहा। थाना क्षेत्र के गांव पासी का पुरवा मजरे जंगलराम नगर निवासी प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य व पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम अधार पासी (66) मंगलवार को शहर में आयोजित एक भोज में शामिल होने आए थे। राम अधार निमंत्रण से रात करीब 10 बजे अपनी बाइक से घर के लिए निकले। अभी वह शहर से बाहर मुराई का पुरवा के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण सड़क पर आए चालक ट्रक समेत भाग चुका था।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। दिवंगत राम आधार के भाई राम बहादुर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।