दुकान से घर जा रहे रेस्टोरेंट व्यवसायी से बदमाशों ने चाकू के दम पर 20 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाश व्यवसायी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर फरार हो गए। घायल व्यवसायी को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवारीजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने व्यवसायी को मृत घोषित कर दिया। हत्या के विरोध में शनिवार को बारामासी बाजार बंद रही। पुलिस ने मृतक के बड़े बेटे की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शनिवार शाम सड़क जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिकारियों के समझाने पर लोग शांत हुए। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर मजरे उमापुर निवासी व्यवसायी राम बलेश साहू (58) का बारामासी बाजार में रेस्टोरेंट है।
शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे राम बलेश 20 हजार रुपये लेकर साइकिल से घर जा रहे थे। रास्ते में बिगरिहन का पुरवा गांव के पास सफेद रंग की बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। एक युवक चाकू दिखाकर राम बलेश से रुपये छीनने लगा।
इस पर राम बलेश बदमाशों से भिड़ गए। कुछ राहगीर रुकने लगे तो बदमाशों ने राम बलेश पर ताबड़तोड़ चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया। राम बलेश के लहूलुहान होने पर बदमाश उनके पास से 20 हजार रुपये लूटकर बाइक से फरार हो गए।
राहगीरों ने गंभीर हालत में राम बलेश को सीएचसी अमेठी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें संजय गांधी अस्पताल मुंशीगंज रेफर कर दिया। व्यवसायी के परिवारीजन उन्हें लेकर संजय गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अमेठी कोतवाल आरके सिंह ने घटना के बाबत लोगों से पूछताछ की। शनिवार की सुबह व्यवसायी की हत्या के विरोध में बारामासी बाजार बंद रहा। उधर, शनिवार शाम को जब पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर पहुंचा तो लोगों ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप लगाते हुए सड़क जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
व्यापारी नेता राजेश अग्रहरि ने कहा कि पुलिस दर्ज एफआईआर में हत्या के साथ ही लूट की धारा बढ़ाए। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। करीब दो घंटे तक चले जाम व प्रदर्शन की जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए।
अधिकारियों के समझाने पर लोग शांत हुए। कोतवाल ने बताया कि मृतक के बड़े बेटे दिनेश साहू ने जो तहरीर दी थी उस पर केस दर्ज किया गया है। लूट की बात परिवारीजन कह रहे हैं तो उसे दर्ज मुकदमे में तरमीम कर दिया जाएगा।