जिला पंचायत चुनाव में दूसरे की मदद करने के आरोप में एक व्यवसायी को धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख व वार्ड संख्या 23 से डीडीसी का चुनाव लड़ रहे यशभद्र सिंह उर्फ मोनू ने जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित व्यवसायी ने धमकी की रिकॉर्डिंग एसपी को भेज दी। बुधवार को पीड़ित व्यवसायी ने एसपी से मिलकर सुरक्षा की मांग की। एसपी के आदेश पर कूरेभार थाने में ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के महमूदपुर मकदूमपुर निवासी उत्तम कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह पुत्र शैलेंद्र प्रताप सिंह धनपतगंज बाजार में बिल्डिंग मैटेरियल का व्यवसाय करते हैं। वार्ड नंबर 23 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह उर्फ मोनू ने मंगलवार की रात सवा नौ बजे व्यवसायी उत्तम सिंह के मोबाइल पर फोन किया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि मुन्ना सिंह हैसियत में रहो... नाहीं तो दुरदिन दिखाय देब। बरौली, पाली और धनपतगंज में कइसे चला जात है नौ तारीख के बाद पता चले।
सारी मीटिंग और सारी बैठकबाजी बंद कय देब...इसके बाद फोन कट गया। व्यवसायी ने ब्लॉक प्रमुख की फोन पर रिकॉर्ड की हुई धमकी एसपी विनय कुमार के सीयूजी नंबर पर भेज दी। बुधवार को पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर उनसे सुरक्षा की मांग की। एसपी के आदेश पर पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर कूरेभार थाने में ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष रतन शर्मा ने मोनू के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।