सुल्तानपुर। पयागीपुर चौराहे पर एक भाजपा नेता अपना आलीशान एसी होटल बिना विद्युत कनेक्शन के चला रहे थे। सूचना पर सोमवार को होटल पर छापामार कर विद्युत की विजिलेंस टीम ने 28 किलोवाट की विद्युत चोरी पकड़ी है। टीम ने होटल के प्रोपराइटर ( संचालक) सूर्यभान मिश्र पर दो लाख 80 हजार रुपया शमन शुल्क ठोंका है। शमन शुल्क जमा नहीं करने पर कोतवाली नगर में होटल संचालक के खिलाफ विद्युत चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने की तहरीर दी है।
शहर के पास पयागीपुर चौराहे पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सूर्यभान मिश्र बिना बिजली कनेक्शन के कई माह से अपना आलीशान एसी होटल चला रहे थे। पूरा होटल वातानुकूलित है। लखनऊ हॉट के नाम से चल रहे होटल पर अंधाधुंध बिजली का उपयोग हो रहा था। विद्युत चोरी की गोपनीय सूचना पर सोमवार को इंस्पेक्टर डीके शर्मा के नेतृत्व में फैजाबाद से पहुंची विद्युत की विजिलेंस टीम ने होटल पर दोपहर में अचानक छापा मारा। छापे में भाजपा नेता के होटल में 28 किलो वाट की बिजली चोरी पाई गई है। बड़े पैमाने पर बिना कनेक्शन के बिजली चोरी मिलने पर टीम के सदस्य दंग रह गए।
टीम ने 28 किलो वाट की बिजली चोरी पर दो लाख 80 हजार रुपये का शमन शुल्क भाजपा नेता पर ठोंका है। टीम की ओर से मौके पर शमन शुल्क की अदायगी की मांग के बाद भी भाजपा नेता ने जुर्माने की राशि नहीं अदा की। शमन शुल्क नहीं मिलने पर विजिलेंस टीम ने भाजपा नेता सूर्यभान मिश्र के खिलाफ कोतवाली नगर में बिना कनेक्शन के विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज करवाने की तहरीर दी है। शहर एसडीओ एके सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर में होटल संचालक के खिलाफ विजिलेंस इंस्पेक्टर की ओर से तहरीर दे दी गई है।