दोस्त से मिलकर घर लौट रहे बाइक सवार बीडीसी सदस्य को जीप सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल बीडीसी सदस्य को परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे बीडीसी चुनाव की रंजिश बताई जा रही है। हालांकि अभी तक कोतवाली में तहरीर नहीं पड़ी है।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के चौकिया गांव निवासी बीडीसी प्रतीक सिंह उर्फ शेरू (28) पुत्र राम सूरत सिंह मंगलवार की देर शाम बाइक से बिसेन का पुरवा मजरे तेरयें निवासी अपने दोस्त सुंदरम से मिलने गया था। रात करीब नौ बजे प्रतीक बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में तेरयें गांव के बाहर स्थित जूनियर हाई स्कूल के पास प्रतीक पहुंचा ही था तभी जीप पर सवार बदमाशों ने चलती बाइक पर ही फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही प्रतीक गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर तेरयें गांव के लोग दौड़कर वहां पहुंचे और घायल प्रतीक को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में प्रतीक की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। बीडीसी प्रतीक के चाचा अमर सेन सिंह ने बताया कि भतीजे पर बीडीसी के चुनाव को लेकर चल रही रंजिश में गोली मारी गई है। हमला करने वाले बीडीसी का चुनाव हार गए थे। इसे लेकर वे खुन्नस रखते हैं। हमला करने वाले लोगों की पहचान हुई है। ट्रॉमा सेंटर से वापस लौटते ही तहरीर दी जाएगी। इस बाबत लंभुआ कोतवाली सुरेश पांडेय ने बताया कि बीडीसी सदस्य को गोली लगी है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।