छात्रा को अगवाकर गैंगरेप
क्रासर
हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। डीएम आवास के समीप से सोमवार की सुबह स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा को बाइक सवार दो युवकों ने पिटाई के बाद अगवा कर लिया। आरोपी छात्रा को लेकर पांचोपीरन जंगल में पहुंचे और सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह छात्रा घर पहुंची और परिवारीजनों से आपबीती सुनाई। छात्रा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पाते ही हरकत में आई पुलिस ने जांच शुरू कर दी। महिला दरोगा मंजू देवी ने अस्पताल में पहुंचकर छात्रा का बयान दर्ज किया, जबकि स्वाट टीम प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह भी टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इनसेट
छात्रा के साथ हुआ रेप का प्रयास: सीएमएस
सुल्तानपुर। सीएमएस डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि छात्रा जब जिला अस्पताल में पहुंची तो बहोशी की हालत में थी। छात्रा के साथ रेप का प्रयास किया गया था। छात्रा की जांच के लिए महिला चिकित्सक को बुलाया गया है। जांच के बाद स्थिति साफ होगी।
इनसेट
पिता ने कहा कि बेटी के साथ हुआ गैंगरेप
सुल्तानपुर। छात्रा के पिता की मानें तो उसकी बेटी के साथ दो युवकों ने गैंगरेप किया है। जिला अस्पताल में एक बजकर 30 मिनट पर छात्रा को भर्ती कराया गया था। देर शाम तक पिता कहता रहा कि बेटी के साथ गलत काम हुआ है और उसने दो युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर भी दी, लेकिन कोतवाली नगर पुलिस लगातार पिता से तहरीर बदलने का दबाव बनाती रही।