विंध्याचल गए युवक की गंगा में डूबने से मौत
गौरीगंज। दोस्त के साथ विंध्याचल देवी का दर्शन करने गए युवक की रविवार शाम गंगा में डूबने से मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
शहर के जेठूपुर निवासी रामकेवल जायसवाल किताब-कॉपी की दुकान करते हैं। रविवार को रामकेवल का 22 वर्षीय पुत्र विशाल जायसवाल अपने मित्र अमित के साथ विंध्याचल देवी का दर्शन करने मिर्जापुर गया था। सुबह पांच बजे विंध्याचल धाम के दर्शन से पहले दोनों युवक गंगा स्नान करने पहुंचे। स्नान के दौरान पैर फिसलने से विशाल अचानक गंगा के गहरे पानी में चला गया। जब तक लोग विशाल को निकालते उसकी मौत हो गई।
विशाल की मौत की सूचना मिलते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। रामकेवल की तीन संतानों में विशाल सबसे बड़ा था। विशाल की छोटी बहन प्रियांशु बीए अंतिम वर्ष व भाई आकाश कक्षा 12 का छात्र है। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद से विशाल दुकान चलाने में पिता की मदद करता था।