स्कूल बस की टक्कर से शिक्षक की मौत
अमेठी। क्षेत्र में एक स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हादसे के बाद शिक्षक को अपने वाहन से अस्पताल नहीं ले जाने वाले पीआरवी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की पीड़ित परिवार ने मांग की है।
धम्मौर क्षेत्र के गांव पूरे तिहैतन मजरे भीमी निवासी विष्णु प्रताप सिंह (23) पुत्र शिव नारायण संग्रामपुर के विशेषरगंज स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे। सोमवार शाम चार बजे विष्णु बाइक से विद्यालय से लौट रहे थे। बारी का पुरवा के पास अमेठी की ओर से आ रही एक विद्यालय की बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि विष्णु प्रताप का हेलमेट टूट गया और बस के साथ दूर तक घिसट गए। सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों की मदद से उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार सूचना के बाद पहुंची पीआरपी ने घायल को अपनी गाड़ी पर अस्पताल ले जाने से इन्कार कर दिया।
पीआरवी कर्मियों के रवैए से नाराज परिवारीजनों व ग्रामीणों ने सीएचसी पहुंचकर हंगामा किया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सेपियन विद्यालय की बस के चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।