रेलवे ट्रैक के किनारे मिला युवती का शव, हत्या की आशंका
अमेठी। बाजार शुकुल रेलवे क्रॉसिंग के समीप सोमवार सुबह एक युवती का शव पाया गया। पास पड़े बैग से युवती के पिता का पहचान पत्र मिला, जिसके सहारे पुलिस ने युवती की शिनाख्त परिवारीजनों से कराई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवती के शरीर पर चोट के निशान थे जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
युवती का शव क्रॉसिंग के मोड़ के पास मिला। शव के पास ही एक बैग पड़ा था। उसमें कमरुद्दीन नामक व्यक्ति का पहचान पत्र मिला। पुलिस संबंधित पते पर पहुंची और लोगों को शव मिलने की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे कमरुद्दीन आदि ने शव की शिनाख्त नूरजहां के रूप में की।
पुलिस के मुताबिबक बाजार शुकुल क्षेत्र के सत्थिन विशंभर पट्टी गांव निवासी कमरुद्दीन की पुत्री नूरजहां (25) ने दो वर्ष पूर्व घर से दिल्ली जाकर किसी के साथ शादी कर ली थी। परिवारीजनों की मानें तो तब से नूरजहां का संबंध परिवारीजनों से नहीं था। एसओ जगदीशपुर श्याम सुंदर ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।