उधारी मांगने पर व्यवसायी को सिपाही ने धमकाया
सुल्तानपुर। पुलिस कर्मी को सामान उधार देना एक व्यवसायी को महंगा पड़ गया। तगादा करने पर व्यवसायी को उसने गाली और धमकी दी। इसका ऑडियो वायरल होने से दुकानदारों में रोष है।
गोसाईगंज क्षेत्र के फतेहपुर संगत निवासी आबाद अहमद का बाजार में किराना स्टोर है। एक माह पहले एक एसओ के नाम पर सिपाही ने दुकान से पांच हजार रुपये का राशन लिया था। दुकानदार के मुताबिक सिपाही ने तीन हजार नौ सौ रुपये दे दिए और 1076 रुपये बकाया था। सोमवार को आबाद ने सिपाही से बकाया रुपये मांगने के लिए फोन किया तो उसने गाली-गलौज की।
व्यवसायी ने विरोध किया तो सिपाही ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं सिपाही ने फोन करके धमकी दी कि उसने उधार में सामान नहीं लिया है। एसओ ने लिया था जब वह पैसा देंगे तभी मिलेगा। मंगलवार को व्यवसायी को फोन पर मिली धमकी का ऑडियो वायरल हो गया। एएसपी सूर्यकांत त्रिपाठी ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।