शराब के लिए पैसा न देने पर पिता को पीटकर मार डाला
सुल्तानपुर। पांडेय का पुरवा गांव में एक युवक ने शराब के लिए पैसा न मिलने पर पिता को डंडे से पीटकर मार डाला। घर में मौजूद बुजुर्ग महिला के शोर मचाने पर आरोपी बेटा फरार हो गया। पड़ोसी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
धम्मौर क्षेत्र के पांडेय का पुरवा गांव निवासी गया प्रसाद तिवारी (84) सोमवार रात कच्चे मकान के बाहर सोए थे। आरोप है कि रात करीब 12 बजे गया प्रसाद का इकलौता बेटा राजमणि उर्फ रज्जू शराब के नशे में घर पहुंचा और पिता को जगाया। राजमणि ने पिता से शराब पीने के लिए पैसा मांगे। गया प्रसाद ने रुपये देने से इंकार कर दिया। इस पर राजमणि ने जमीन पर पड़े डंडे से पिता पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया।
इस हमले में गया प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला केवला देवी ने शोर मचाया तो राजमणि भाग निकला। शोर सुनकर पहुंचे संदीप सिंह ने सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। एसओ ने बताया कि संदीप सिंह की तहरीर पर राजमणि के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
गया प्रसाद पांच बेटों में चार की मौत हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद गया प्रसाद घर में अकेले रहते थे। करीब दो वर्ष से एक बुजुर्ग महिला केवला देवी उनकी देखरेख के लिए रहने लगी थी। गांव वालों की मानें तो राजमणि की आदत खराब होने की वजह से गया प्रसाद ने उसकी शादी नहीं की थी। गया प्रसाद ने दोनों बेटियों की शादी कर दी थी।