किसान पर सांड़ ने किया हमला, मौत
सुल्तानपुर। घर के बाहर बैठे एक किसान पर आवारा सांड़ ने हमला कर दिया। गंभीर हालत में किसान को लेकर परिवारीजन सीएचसी ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह हादसा जयसिंहपुर क्षेत्र के सरतेजपुर में हुई। गांव निवासी किसान लालजी तिवारी (55) बृहस्पतिवार शाम छह बजे घर के बाहर बैठे थे। उस दौरान एक आवारा सांड़ वहां पहुंच गया। सांड़ को लालजी तिवारी भगाने की कोशिश कर रहे थे। इस बीच उसने लालजी पर हमला कर दिया। बचाव के लिए लालजी ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने किसी तरह लालजी को बचाया लेकिन तब तक वह बुरी तरह घायल हो चुके थे।
परिवारीजन उन्हें लेकर सीएचसी ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जिस सांड़ ने लालजी तिवारी पर हमला किया वह पूर्व में भी कई लोगों को घायल कर चुका है। कई बार सांड़ को पकड़ने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से कहा गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।