खाई में पलटी जीप, चालक की मौत, सिपाही समेत चार घायल
सुल्तानपुर। अखंडनगर क्षेत्र में मिले एक व्यक्ति के शव को पोस्टमॉर्टम हाउस के लिए ले जा रहे पुलिस कर्मियों की जीप अनियंत्रित होकर बरौंसा के पास खाईं में पलट गई। हादसे में जीप चालक की मौके पर मौत हो गई। सिपाही व चौकीदार समेत चार लोग घायल हो गए। इस दौरान जीप में आग भी लग गई।
दोस्तपुर क्षेत्र के लोकनाथपुर गांव निवासी रवींद्र मिश्र (24) 26 दिसंबर की सुबह टेंपो चलाने के लिए घर से निकला था। उसके बाद से लापता रवींद्र को परिवारीजन तलाश रहे थे। उन्होंने 30 दिसंबर को दोस्तपुर में गुमशुदगी भी दर्ज कराई। शुक्रवार को अखंडनगर क्षेत्र के गोपालपुर गांव के समीप माइनर में रवींद्र का शव मिला। अखंडनगर थाने का सिपाही राजेश वर्मा, चौकीदार संतराम और सचिन निवासी कादीपुर व विनय निवासी लोकनाथपुर रवींद्र के शव को जीप से पोस्टमॉर्टम हाउस ले जा रहे थे।
रात करीब आठ बजे जीप जयसिंहपुर क्षेत्र के बरौंसा के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाईं में पलट गई। हादसे में जीप चालक राम दयाल पांडेय (40) निवासी जफरापुर थाना अखंडनगर की मौके पर मौत हो गई। सिपाही राजेश वर्मा, चौकीदार संतराम, सचिन व विनय गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां सभी का उपचार चल रहा है। पुलिस की मानें तो दुर्घटना के बाद जीप के इंजन में आग लग गई। हालांकि ग्रामीणों की मदद से जीप की आग पर काबू पा लिया गया।