लूट की कोशिश में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को मारी गोली
सुल्तानपुर। दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने बैंक फ्रेंचाइजी (ग्राहक सेवा केंद्र) को गोली मारकर 50 हजार रुपये लूटने की कोशिश की। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग जब एकत्र होने लगे तो बदमाश असलहा लहराते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने घायल युवक की बाइक से 50 हजार रुपये बरामद होने का दावा किया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के पांडेय का पुरवा निवासी जितेंद्र पांडेय (22) ने बैंक ऑफ बड़ौदा की फ्रेंचाइजी ली हैं। सोमवार दोपहर हनुमानगंज बाजार स्थित बैंक ऑफ बडौदा शाखा पहुंच जितेंद्र ने 50 हजार रुपये निकाले। एक बैग में रुपये रखकर बाइक से घर जाने के दौरान मुरारपुर गांव के पास एक सफेद बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने जितेंद्र को ओवरटेक कर रोक लिया। एक बदमाश बाइक की डिक्की खोलने लगा।
जितेंद्र ने लूट का विरोध किया तो दूसरे बदमाश ने तमंचे से उसके पेट में गोली मार दी। गोेली लगते ही जितेंद्र जमीन पर गिर पड़ा। जितेंद्र के गिरते ही बदमाशों ने बाइक की डिक्की से रुपये निकालने की कोशिश की, लेकिन आसपास के लोगों को इकट्ठा होता देख असलहा लहराते हुए फरार हो गए।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को देने के साथ घायल जितेंद्र को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को फोन किया। इस दौरान जितेंद्र के परिवार का शुभम उधर से गुजर रहा था। उसने बाइक पर जितेंद्र को बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जितेंद्र की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाते ही कोतवाली देहात थानाध्यक्ष मधुकांत मिश्रा घटनास्थल पर पहुंच गए। एसओ ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
एसओ ने बताया कि जितेंद्र की बाइक की डिक्की में 50 हजार रुपये मिले हैं। लोगों की सजगता के चलते लुटेरे रुपये नहीं ले जा सके हैं। जितेंद्र को गोली मारने वाले लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जितेंद्र के गंभीर रूप से घायल होने के कारण अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।