खेल -खेल में बच्चे के गले में अटका कंकड़, मौत
अमेठी। सूरतगंज बाजार में शुक्रवार सुबह खेलते समय एक बच्चे ने मुंह में कंकड़ डाल लिया। परिवारीजन उसे लेकर स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां चिकित्सकों ने बच्चे की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवारीजन बच्चे को लेकर जगदीशपुर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जामों क्षेत्र के सूरतगंज बाजार (मूंघी) निवासी रामराज उर्फ पप्पू का ढाई वर्षीय बेटा आदित्य उर्फ वीरू शुक्रवार सुबह घर के बाहर खेल रहा था। घर के सामने रखी मोरंग के पास खेलते समय आदित्य एक कंकड़ उठाकर मुंह में डाल लिया। आदित्य के छटपटाने पर परिवारीजन भागकर वहां पहुंचे और उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां चिकित्सकों ने बच्चे को जिला अस्पताल असैदापुर रेफर कर दिया।
परिवारीजन आदित्य को लेकर जगदीशपुर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामराज उर्फ पप्पू के परिवार में पत्नी अंजनी, बेटा गौरव (8), बेटी खुशी (6), मीरा (4) और सबसे छोटा आदित्य था। आदित्य की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।