हमलावरों को शरण देने पर तीन गिरफ्तार
सुल्तानपुर। भाजपा नेता व शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी आलोक आर्या पर जानलेवा हमले के बाद हरकत में आई पुलिस जिले में सक्रिय गैंग की कमर तोड़ने में जुट गई है।
आलोक पर हमला करने वाले अभियुक्तों को शरण देने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों लोग रिशू सिंह गैंग के बदमाशों को वारदात के बाद पनाह देते थे।
शहर के गोलाघाट निवासी भाजपा नेता व अवंतिका फूड मॉल के मालिक आलोक आर्या पर पिछले रविवार की रात उनके प्रतिष्ठान के भीतर ही जानलेवा हमला किया गया था।
जिला मुख्यालय पर हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की सक्रियता की पोल खोल दी थी। पुलिस घटना में शामिल सौरभ सिंह के साथ ही हमले में प्रयुक्त एसयूवी के मालिक मनोज सिंह व असलहा सप्लाई करने वाले उसके भाई अतुल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
एसपी अमित वर्मा ने जिले में सक्रिय गैंग की पड़ताल शुरू की तो रिशू सिंह गैंग का नाम प्रकाश में आया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सौरभ सिंह, मनोज सिंह और अतुल सिंह से पूछताछ में गिरोह के बारे में अहम जानकारियां मिली हैं।
एसपी के मुताबिक, इन लोगों से पूछताछ में पता चला कि आलोक आर्या पर हमला करने वाले सत्यप्रकाश सिंह और राहुल धुरिया को कादीपुर क्षेत्र के कूम्ही डड़िया निवासी आनंद सिंह, वरुण सिंह निवासी अंदा रायपुर और बालमुकुंद सिंह निवासी मगरावां कोतवाली कादीपुर ने शरण दी थी।
इसकी जानकारी होते ही तीनों शरण दाताओं को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए। कादीपुर कोतवाल विजय कुमार सिंह और स्वॉट टीम ने बुधवार को तीनों शरण दाताओं को उनके घरों पर छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया।