बिजली कनेक्शन काटने पर उपकेंद्र कर्मियों को लाठी से पीटा
अमेठी। कमरौली क्षेत्र के पूरे दीना पाठक सिंदुरवा में मंगलवार सुबह बिजली कनेक्शनों की जांच करने पहुंची पावर कॉर्पोरेशन की टीम पर एक युवक ने लाठी से हमला कर दिया। हमलावर ने आठ कर्मचारियों को घेरकर पीटा। अवर अभियंता बाल-बाल बच गए। पुलिस ने जेई की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जिले के 33/ 11 केवी उपकेंद्र महोना के अवर अभियंता रामयज्ञ दूबे के साथ लाइनमैन हबीब खां, इबरार अहमद, कैलाश, अमरेश, प्रदीप कुमार, राम नरेश, समीर और आशुतोष पांडेय कमरौली क्षेत्र के पूरे दीना पाठक सिंदुरवा गांव में मंगलवार सुबह विद्युत कनेक्शनों की चेकिंग करने पहुंचे थे। इस दौरान जेई ने गांव के आजम की लाइन काट दी। इससे नाराज आजम व अन्य ने लाठी से जेई व कर्मचारियों पर हमला कर दिया।
हमलावर ने लाइनमैन समेत आठ कर्मचारियों को लाठी से पीटा। कर्मचारियों की पिटाई के बाद आजम ने काटी गई केबल को जोड़ने के लिए कर्मचारियों को कुल्हाड़ी से धमकाया। कमरौली थाने पहुंचे जेई ने आजम के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह ने बताया कि जेई रामयज्ञ की तहरीर पर आजम के खिलाफ केस दर्जकर उसकी तलाश की जा रही है।