लापता किशोरी का शव मिला, चार युवकों पर हत्या का केस
गौरीगंज। क्षेत्र के एक गांव से बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता किशोरी का शव प्रतापगढ़ के देवरी गांव के पास मिला है। किशोरी के परिवारीजनों नेे पड़ोस के गांव के चार युवकों पर किशोरी को भगा ले जाने और जहर खिलाकर उसकी हत्या करने का केस दर्ज कराया है। इस बीच आरोपियों में एक युवक ने विषाक्त पदार्थ खाया है। उसे जिला अस्पताल से रायबरेली रेफर किया गया है।
एक गांव की 17 वर्षीया किशोरी बुधवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। परिवारीजनों ने किशोरी की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। रात में ही परिवारीजनों को प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर क्षेत्र के देवरी गांव के पास जंगल में एक किशोरी का शव मिलने की सूचना मिली। परिवारीजन मौके पर पहुंचे तो शव किशोरी का निकला। इसके बाद परिवारीजनों ने रात में सूचना यूपी 100 को दी।
उनका आरोप था कि क्षेत्र के पूरे पल्टन निवासी ओमेंद्र, उपेंद्र, अरविंद व ओमेंद्र के बहनोई किशोरी को बहलाकर ले गए और जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस आरोपी ओमेंद्र के घर पहुंची तो वह अचेत मिला। ओमेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया है।
पुलिस ने एंबुलेंस से युवक को असैदापुर स्थित जिला अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायबरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसएचओ दुर्गेश ने कहा कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। एसएचओ ने कहा कि चूंकि शव उदयपुर थाना क्षेत्र में मिला है इसलिए उसका पोस्टमॉर्टम वहीं की पुलिस ने कराया है।
दो माह से लापता अधेड़ का शव कुएं में मिला
गौरीगंज। क्षेत्र के पूरे सुब्बा मजरे गौरीपुर निवासी शोभनाथ यादव के घर पर रहने वाला उसका दामाद राममूर्ति (40) दो माह से लापता था। बृहस्पतिवार सुबह राममूर्ति का शव गांव के बाहर स्थित एक कुएं में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। एसएचओ ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।