हादसे में घायल दूसरे चिकित्सक की भी मौत
सुल्तानपुर। इलाहाबाद-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कूरेभार ब्लॉक के पास रविवार सुबह हुई दुर्घटना में घायल दूसरे चिकित्सक की ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल अन्य दो लोगों की हालत स्थिर बनी हुई है।
वाराणसी में मेडिकल कोचिंग चलाने वाले फैजाबाद जिले में बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के परसीपुर साल्हीपुर (चौरे बाजार) निवासी डॉ. संतोष शर्मा हर रविवार को अन्य चिकित्सकों के साथ कनावा मार्ग पर स्थित पं. जगदंबा प्रसाद आई हॉस्पिटल में मरीजों का निशुल्क इलाज करने के लिए जाते थे। रविवार सुबह डॉ. संतोष शर्मा बलिया निवासी चिकित्सक डॉ. राजीव सिंह (48), अशोक त्रिपाठी (36) और आलोक कुमार त्रिपाठी (35) के साथ एसयूवी से चौरे बाजार आ रहे थे।
कूरेभार क्षेत्र में ब्लॉक के पास सामने चल रही मवेशियों से लदी पिकअप ने अचानक ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने से एसयूवी पीछे से पिकअप में घुसते हुए अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पशु अस्पताल की बाउंड्रीवाल को तोड़ते हुए पलट गई थी। हादसे में डॉ. संतोष शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। डॉ. राजीव सिंह, अशोक त्रिपाठी और आलोक त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने डॉ. राजीव को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया था। देर रात इलाज के दौरान डॉ. राजीव सिंह की भी मौत हो गई।