स्कूल से घर जा रही मासूम के साथ दरिंदगी
लंभुआ (सुल्तानपुर)। स्कूल से पढ़कर घर लौट रही एक सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ युवक ने जंगल में दरिंदगी की। किसी तरह बच्ची घर पहुंची और अपनी मामी को आपबीती सुनाई। पुलिस ने बच्ची के नाना की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धारा में केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपने नाना के घर रहकर सात वर्षीय मासूम बच्ची पढ़ाई करती है। बच्ची कस्बे के एक निजी विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा है। प्रतिदिन की तरह बच्ची बृहस्पतिवार सुबह विद्यालय गई थी। दोपहर में विद्यालय बंद होने पर वह पैदल ही घर लौट रही थी। रास्ते में उसे सैतापुर सराय गांव निवासी रवींद्र कुमार सरोज मिला। युवक ने उसे बहला-फुसला कर अपनी साइकिल पर बैठा लिया। वह घर के रास्ते में मौजूद जंगल में मासूम को लेकर चला गया जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
अचेत अवस्था में मासूम को छोड़कर रवींद्र भाग निकला। किसी तरह छात्रा अपने घर (ननिहाल) पहुंची और मामी को आपबीती सुनाई। नाना की तहरीर पर पुलिस ने रवींद्र के खिलाफ दुराचार व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।