अखंडनगर के बिलवाई माधौपुर गांव में घटना स्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। बिलवाई माधौपुर गांव में बुधवार को जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान तोड़फोड़ भी की गई। एक पक्ष से महिला समेत दो लोग घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के बिलवाई माधौपुर निवासी बाबूराम अग्रहरि का सड़क के किनारे मकान है। उनके मकान के पीछे राज नारायण सिंह ने बैनामा लेकर मकान बनाया है। बाबूराम अग्रहरि और राज नारायण सिंह के जमीन के बीच में एक भूखंड है। उसी भूखंड पर दोनों पक्ष अपना दावा करते हैं। बुधवार को इसी विवादित भूखंड को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में बाबूराम अग्रहरि की पत्नी शिखा (50), शिवांश (15) घायल हो गए।
सूचना के बाद थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस बाबत थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर मारपीट व तोड़फोड़ हुई है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।